बरेली। उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में महिलाओं/बालिकाओं की सुरक्षा एवं महिला अपराधों में त्वरित कार्यवाही हेतु मिशन शक्ति अभियान का पॉंचवॉं चरण चल रहा है, जिसके अन्तर्गत महिलाओं/बालिकाओं की साइबर अपराध से सुरक्षा हेतु ऑपरेशन गरुड़ चलाया जा रहा है, अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन द्वारा आज दिनांक 27.10.2024 को साइबर सुरक्षा हेतु एक विशेष कार्यशाला फ्यूचर विश्वविद्यालय, बरेली में "Strengthening CyberSecurity: Empowering Police Officers to Combat Cybercrime" विषय पर आयोजित करायी गयी, उक्त कार्यशाला में बरेली जोन के समस्त जनपदों से मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत महिला बीट से सम्बन्धित महिला अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा प्रतिभाग किया गया।
कार्यशाला में साइबर एक्सपर्ट श्री राहुल मिश्रा द्वारा विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में महिला अधिकारीगण एवं महिला आरक्षियों को जानकारी दी गयी तथा आम जनता(विशेषकर महिलाओं/बालिकाओं) को साइबर अपराधों के सम्बन्ध में किस प्रकार से जागरूक करना है, इसकी भी जानकारी दी गयी। मिशन शक्ति के अन्तर्गत ऑपरेशन गरूड़ में महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण द्वारा समस्त थानाक्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न साइबर अपराधों के सम्बन्ध में लगातार जानकारी दी जा रही है तथा साइबर अपराध से सम्बन्धित अभियोगों में त्वरित कार्यवाही की जा रही है।